दुकान में घुसी बेकाबू कार, दो घायल
झांसी। जीवनशाह तिराहा के पास शुक्रवार रात एक बेकाबू कार बाइक में टक्कर मारने के बाद दुकान में जा घुुसी। इससे दुकान के बाहर खड़े दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया जा रहा है कि कार की स्टेयरिंग लॉक हो गया था।
थाना नवाबाद स्थित जीवनशाह तिराहा के पास शुक्रवार रात लोग एक दुकान के बाहर खडे़ थे। इसी बीच इलाइट चौराहा की तरफ रफ्तार में आई कार सड़क किनारे खड़ी बाइक में टक्कर मारने के बाद सीधे दुकान में जा घुसी। आसपास खड़े लोगों ने ऐनवक्त पर दौड़कर जान बचाई, लेकिन जब तक अरशद व साहिल कार की चपेट में आकर घायल हो गए। घटना के बाद एकत्रित हुए लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा। बताया गया है कि अचानक कार की स्टेयरिंग लॉक होने से चालक संतुलन खो बैैठा।