धर्म और आस्था के आयोजनों के बहाने झांसी की सियासत में भी हलचल तेज हो गई है। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कार्यक्रम को लेकर भाजपा के दो नेताओं की अलग-अलग तैयारियां चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
खास बात यह है कि दोनों आयोजनों के बीच महज 11 दिन का अंतर है। पहले क्षेत्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने 30 नवंबर को 1.25 लाख हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन रखा है। इसके बाद सदर विधायक रवि शर्मा की ओर से 11 दिसंबर से पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ही कथा और दिव्य दरबार की तैयारी है।
एक ही संत के कार्यक्रमों को लेकर पार्टी के दो नेताओं की सक्रियता ने स्थानीय सियासी गलियारों में चर्चाओं को हवा दे दी है। शहर में इन दिनों दोनों आयोजनों के पोस्टर और होर्डिंग नजर आने लगे हैं। प्रमुख चौराहों से लेकर गली-मोहल्लों तक प्रचार सामग्री के जरिये आयोजनों की जानकारी दी जा रही है। दोनों नेताओं के समर्थक भी अपने-अपने कार्यक्रमों को लेकर सक्रिय हैं।
कुंडा में एक ही दिन पहुंचे दोनों नेता
इन आयोजनों के बीच दोनों नेताओं की प्रतापगढ़ के कुंडा में एक कार्यक्रम में मौजूदगी भी चर्चा में रही। राजा भैया की ओर से आयोजित पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा में पहले गरौठा विधायक जवाहर राजपूत पहुंचे। इसके अगले दिन सदर विधायक रवि शर्मा और क्षेत्रीय मंत्री मनीष तिवारी भी वहां पहुंचे। एक ही आयोजन में दोनों नेताओं की मौजूदगी और फिर झांसी में पं. धीरेंद्र शास्त्री के अलग-अलग कार्यक्रमों की तैयारियों को जोड़कर सियासी चर्चाएं की जा रही हैं।
पहले हनुमान चालीसा का पाठ, फिर कथा
क्षेत्रीय मंत्री मनीष तिवारी का कहना है कि महानगर में 30 नवंबर को हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन प्रस्तावित है। इसमें बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शामिल होंगे। वहीं, सदर विधायक रवि शर्मा के मुताबिक राधिका आर्चिड के सामने 11 दिसंबर से पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा और दिव्य दरबार का आयोजन कराया जाएगा। इससे पहले 4 दिसंबर से शिव महापुराण कथा भी प्रस्तावित है, जिसमें कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा शामिल होंगे।
सदर सीट को लेकर भी लगाए जा रहे कयास
झांसी सदर विधानसभा सीट पर भाजपा की राजनीति को लेकर भी समय-समय पर चर्चाएं होती रही हैं। ऐसे में पार्टी के दो नेताओं की ओर से एक ही संत के कार्यक्रमों की तैयारी को कुछ लोग अपनी-अपनी राजनीतिक सक्रियता और जनसंपर्क के विस्तार से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, दोनों नेताओं ने इन आयोजनों को लेकर किसी तरह की राजनीतिक प्रतिस्पर्धा की बात सार्वजनिक रूप से नहीं कही है।