संवाद न्यूज एजेंसी
मोंठ। नगर पंचायत द्वारा बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए 1.64 करोड़ की लागत से दो स्थानों पर अलग- अलग दो नालों का निर्माण किया जा रहा है। ये नाले उन स्थानों पर बनाए जा रहे हैं, जहां बारिश में जलभराव की समस्या होती है। उम्मीद है कि माह मार्च 2025 तक दोनों स्थानों पर पक्के नालों का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। एक नाला कस्बा के शाहपुर बस स्टैंड से पुराने बस स्टैंड होते हुए सावित्री चौराहे के किले के दरवाजे के सामने तक करीब 87.21 लाख की लागत से बनाया जा रहा है। दूसरा नाला मोहल्ला महावीरपुरा के खेरापति हनुमान मंदिर से केसी इंटर कॉलेज तक 76.64 लाख की लागत से बनाया जा रहा है। पिछले माह शाहपुर बस स्टैंड से नाले का निर्माण शुरू किया गया जो अभी तक पुराने बस स्टैंड तक लगभग पूरा हो गया है। महावीरनपुरा से बनने वाले दूसरे नाले का निर्माण अभी शुरू नहीं हुआ है।
मालूम हो कि शाहपुर बस स्टैंड से लेकर केसीपी इंटर कालेज तक जगह-जगह दुकानदारों ने स्थाई और अस्थाई अतिक्रमण कर लिया है। जिसके कारण बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से हर साल जूझना पड़ता है।
कुछ स्थानों पर दुकानदारों ने पक्के सीसी सड़क डालकर नाले पर कब्जा कर लिया है। पक्के मकान भी बने हुए हैं, जिसकी वजह से बरसात के मौसम में थोड़ा भी पानी गिरने के बाद नगर की सड़क खासकर बस स्टैंड के आसपास तालाब में तब्दील हो जाती हैं। किले के अंदर लगने वाली सब्जी मंडी भी तालाब में बदल जाती है। नगर पंचायत के अवर अभियंता विनीत कुमार ने कहा कि नालों का निर्माण का कार्य मार्च 2025 तक हर हाल में पूरा किया जाना है। कार्यदायी संस्था नगर पंचायत है और ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण कार्य समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।