सड़क हादसों में दो की मौत
झांसी। अलग-अलग सड़क हादसे में ट्रक के चालक समेत साइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा।
सीतापुरा जिले के मान पारासर निवासी सरोज कुमार यादव (46) ट्रक चालक थे। सोमवार की रात वे ट्रक में माल लेकर ललितपुर से गोंडा जाने को निकले। अभी वे झांसी होते हुए मोंठ ओवरब्रिज के पास पहुंचे थे, तभी वहां खड़े डंपर में टक्कर लगने से वह गंभीर रुप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
इधर, थाना चिरगांव के बरल निवासी रमेश (50) साइकिल पर सवार होकर बाजार की तरफ जा रहे थे, तभी कस्बे में पीछे से आ रही एक कार ने टक्कर मार दी। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।