झांसी। मौसम के करवट बदलने से वायरल व मच्छरजनित बुखार का प्रकोप बढ़ रहा है। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी हो या फिर जिला अस्पताल, सोमवार को दोनों जगह बुखार के रोगियों की लाइन लगी रही। डेंगू की आशंका में मेडिकल कॉलेज में 40 व जिला अस्पताल में 15 रोगियों की जांच हुई। तेज बुखार के करीब 40 रोगियों को भर्ती किया गया। वहीं, विगत दिनों दो रोगियों में डेंगू व एक में मलेरिया की पुष्टि हुई है।
कभी तेज धूप निकल रही है तो कभी बादल छा रहे हैं। दिन में उमसभरी गर्मी तो रात में ठंडक का अहसास हो रहा है। कोई वायरल की चपेट में आकर तो कोई मच्छरों के काटने से तेज बुखार से परेशान है। मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग की ओपीडी में करीब 50 फीसदी रोगी बुखार से पीड़ित आए। कई में डेंगू तो किसी में मलेरिया के लक्षण मिले। इन सभी की जांच कराई गई।
जिला अस्पताल की ओपीडी में बुखार के करीब 15 रोगियों में डेंगू के लक्षण मिले, इनकी भी जांच कराई गई। एक सितंबर से सोमवार तक नौ रोगियों में डेंगू की पुष्टि हुई। प्रभारी जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. उत्सव राज ने इसकी पुष्टि की है।
जिला अस्पताल के डॉ. पवनदीप नीखरा ने बताया कि ओपीडी में आए 15 बुखार के रोगियों की एलाईजा जांच कराई गई है। मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. राम बाबू सिंह ने बताया कि ओपीडी में बुखार के 50 फीसदी रोगी आ रहे हैं। कई रोगियों में डेंगू के लक्षण मिल रहे हैं, जिसके चलते जांच कराई जा रही है।
0- वायरल के प्रकोप से बचने के लिए ये करें
रोगी से पर्याप्त दूरी बनाएं, हाथ न मिलाएं
खांसते-छींकते समय रोगी रुमाल से मुंह ढकें
मौसम बदल रहा है, शीतल पेय से परहेज करें
0- मच्छरजनित बुखार से बचाव के उपाय
पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें
सुबह-शाम खास सावधानी बरतें
हाथ-पैर में मच्छरों से बचाव की क्रीम लगाएं