झांसी। थाना नवाबाद क्षेत्र स्थित बीबीसी डिग्री कॉलेज के पास गली में खड़ी दो कारों में आग लगने से हड़कंप मच गया। लपटें उठती देख पड़ोसी जाग गए। देखते ही देखते तेज लपटों के साथ कारें जलने लगी। मौके पर पहुंची पुलिस व दमकल विभाग के कर्मियों ने आग को बुझाया। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
थाना नवाबाद अंतर्गत खुशीपुरा मोहल्ले में राजेश रायकवार व अजीज हसन रहते हैं। दोनों ही लोग अपनी-अपनी कार को बीबीसी डिग्री कॉलेज के पास गली में खड़ी करते हैं। बृहस्पतिवार रात ही दोनों अपनी-अपनी गाड़ी गली में खड़ी कर घर चले गए। रात करीब दो बजे गली से आग की लपटें उठती देख घबरा गए। बाहर आकर देखा तो दोनों कारें धूं-धूं कर जल रही थीं। खबर मिलते ही नवाबाद पुलिस व दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने तक दोनों कारें जल चुकी थी। लोगों ने अराजकतत्वों पर आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले, लेकिन सुराग नहीं मिल सका।
चलती कार में आग लगने से मची भगदड़
झांसी। हंसारी के पास एक चलती कार में अचानक आग लगने से भगदड़ मच गई। गाड़ी में बैठे सभी लोगों ने उतरकर जान बचाई। लोगों की मदद से आग को बुझाया गया।
मध्य प्रदेश के खनियाधाना निवासी जेसी जैन अपने दोस्तों के साथ कार की सर्विस कराने झांसी आए थे। शुक्रवार शाम तीनों लोग कार में सवार होकर बिजौली हाईवे की तरफ बढ़ रहे थे। अभी कार हंसारी के पास पहुंची थी, तभी अचानक इंजन से आग लग गई। घबराकर सभी कार से नीचे उतरे। स्थानीय लोगों की मदद से आग को बुझाया गया।