अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पोती के जन्म के बाद बेटे की ससुराल में मिठाई देकर लौट रहे दो सगे भाइयों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। दोनों झांसी-कानपुर हाईवे पर हादसे का शिकार हुए। घटना के बाद से परिजन का बुरा हाल बना हुआ है।
सीपरी बाजार थाना इलाके के ग्राम आरी निवासी मेहरबान सिंह (55) के छोटे बेटे नरेंद्र की पत्नी ने दो माह पहले बेटी को जन्म दिया था। इससे पूरा परिवार बेहद खुश था। सोमवार को मेहरबान सिंह अपने बड़े भाई हरदास सिंह (67) के साथ ग्राम टोड़ी स्थित नरेंद्र की ससुराल में पोती के जन्म की शगुन की मिठाई व गुड़ देने गए थे। दोनों बाइक से गए थे। रात में दोनों वहां से लौट रहे थे, बाइक मेहरबान सिंह चला रहे थे। इसी दौरान झांसी-कानपुर हाईवे पर उन्हें चार पहिया वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे दोनों भाइयों की मौत हो गई।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बता दें कि दोनों मृतक चार भाई थे। सबसे बड़े रंगी लाल सिंह, दूसरे नंबर पर हरदास सिंह, तीसरे भैया लाल और सबसे छोटे मेहरबान सिंह थे।
0000
पोस्टमार्टम में देरी पर हुआ हंगामा
मृतक हरदास के शव का पोस्टमार्टम दोपहर में ही हो गया था। जबकि, मेहरबान के शव का देर शाम तक नहीं हो पाया। इस पर परिजन ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम के लिए पैसे मांगे जा रहे हैं। न देने पर पोस्टमार्टम में देरी की जा रही है। देरी की वजह से शव भी खराब होने लगा है। सूचना पर नवाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और परिजन को समझा-बुझाकर शांत कराया। नवाबाद थाने के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया था।