रेलवे के यात्रियों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए झांसी से गुजरने वाली बारह ट्रेनों के एसी कोचों में ऑपरेशन थिएटरों की तरह ताजा हवा मिलने लगी है। इस नई तकनीक से संक्रमण के फैलने वाले खतरे को कम किया जा सकेगा। कोचों में लगे रूफ माउंटेड एसी पैकेज (आरएमपीयू) के जरिए प्रतिघंटे 16 से 18 बार हवा को बदला जा रहा है। जैसा की ऑपरेशन थिएटर में होता है। इससे बोगियों में ताजी हवा आने के कारण संक्रमण का जोखिम कम रहेगा।
कोरोना संक्रमण से यात्रियों को भी बचाने के लिए रेलवे कोशिशें कर रहा है। अब एसी कोचों में यात्रा करने वाले यात्रियों में संक्र्तमण का खतरा कम होगा। रेलवे ने ऑपरेशन थिएटर की तर्ज पर यात्रियों को ताजी हवा देना शुरू कर दिया है। झांसी से गुजरने वाली बैंगलोर राजधानी, गोवा एक्सप्रेस, मंगला एक्सप्रेस, बिलासपुर राजधानी एक्सप्रेस, भोपाल-हबीबगंज एक्सप्रेस, सचखंड एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस, पुष्पक एक्सप्रेस ट्रेनों में यह सुविधा शुरू हो चुकी है।
रेलवे अफसरों के मुताबिक एसी कोचों में लगे रूफ माउंटेड एसी पैकेज (आरएमपीयू) प्रतिघंटे 16 से 18 बार से ज्यादा हवा में बदलाव करते हैं। इससे पहले इन एसी ट्रेनों में प्रतिघंटे छह से आठ बार हवा का बदलाव होता था और कोचों में छोड़ी जाने वाली 80 फीसद हवा पुन: परिचालित हवा होती थी। इसमें से 20 फीसद ही ताजी हवा होती थी।
तापमान भी बढ़ाया
रेलवे ने कोच के भीतर का तापमान भी 23 डिग्री से बढ़ाकर 25 डिग्री किया गया है। विशेषज्ञों की सलाह पर यह निर्णय लिया है। रेलवे के अनुसार इस बदलाव में पहले से अधिक ऊर्जा का इस्तेमाल होगा। एक आंकड़े के अनुसार नई तकनीक में लगभग 10 से 15 फीसदी अधिक ऊर्जा का इस्तेमाल होगा।