झांसी। महानगर की ट्यूबवेल रोड का विकास दो वार्डों के बीच फंस गया है। वार्डों का सही तरीके से सीमांकन न होने से यहां सफाई कर्मचारी सफाई करने नहीं पहुंचते हैं। साथ ही, नालियों में कूड़ा भरा हुआ है। लोग कई बार नगर आयुक्त को ज्ञापन देकर समस्याओं को दूर कराने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ।
महानगर में नगर निगम के वार्ड 26 और वार्ड 35 के सीमांकन में ट्यूबवेल रोड को दो भागों में बांट दिया गया। लोगों का कहना है कि सड़क की एक ओर के मकान वार्ड नंबर 26 में हैं, तो दूसरी ओर के मकान वार्ड 35 में आते हैं। इसके चलते विकास कार्य नहीं हो पाते। सड़क कई सालों से टूटी पड़ी है। नालियोें की सफाई भी ठीक से नहीं होती। इसके अलावा कई नालियां टूट चुकी हैं। जिनकी मरम्मत कराने के लिए कई बार नगर निगम के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। पार्षदों से भी समस्याओं के निस्तारण की मांग की गई, लेकिन कुछ नहीं हुआ।
एक सड़क को दो भागों में बांट दिया गया है। इसके चलते न तो सफाई होती है और न ही सड़क का निर्माण हो रहा है।- धनीराम शर्मा
सड़क की सफाई करने के लिए कोई नहीं आता। कई बार नगर निगम अधिकारियों को ज्ञापन दिए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।- पीएल राजपाली
नालियां टूट चुकी हैं। साथ ही कई जगहों पर पाइपलाइन लीकेज होने से जलभराव होता है। बहुत दिक्कत हो रही है।- बालकिशन
दो वार्डों के बीच में विकास फंस गया है। वैसे तो नगर निगम हाल ही कोई काम कराता नहीं है। यहां तो परेशानी और बढ़ रही है।- मुनीश शर्मा
नगर आयुक्त को समस्या के समाधान के लिए कई बार ज्ञापन दिया। अधिकारियों ने समस्याओं को लेकर कोई ध्यान नहीं दिया।- शंकर
नालियों में कूड़ा भरा हुआ है। कोई सफाई करने आता नहीं है। लोगों की समस्याओं का पार्षद निराकरण नहीं कराते हैं।- गोपाल