झांसी। झांसी-शिवपुरी हाईवे पर मंगलवार शाम करौंदी माता मंदिर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही कार को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद कार का अगला हिस्सा ट्रक में फंस गया। कार को ट्रक करीब 100 मीटर तक घसीट ले गया। हादसे में कार सवार दंपती घायल हो गए। कुछ दूर जाने के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला।
करैरा (मध्य प्रदेश) निवासी सुमित गुप्ता अपनी पत्नी का उपचार कराने के लिए झांसी आए थे। उपचार कराने के बाद दोपहर करीब तीन बजे अपनी कार से लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शाम यमर बजे उनकी कार जैसे ही करौंदी माता मंदिर के पास पहुंची, रक्सा की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद भी चालक ने ट्रक नहीं रोका। राहगीरों के शोर मचाने पर करीब 100 दूर ट्रक छोड़कर भाग निकला। हादसे में पत्नी समेत सुमित घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर डायल-112 पुलिस भी पहुंच गई। ट्रक में सरकारी कोटे का राशन भरा था। रक्सा थाना प्रभारी उदय सिंह का कहना है कि चालक को तलाश किया जा रहा है।