संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। चेयरकार वाली वंदे भारत में रफ्तार के अनुभव से रोमांचित होने वाले यात्रियों के लिए भारतीय रेल अब स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की तैयारियों में जुट गई है। स्लीपर वंदे भारत के अंदर सीटों से लेकर यात्रियों को दी जाने वालीं अन्य सुविधाओं का फर्स्ट लुक रेलवे ने जारी किया है। बताया जा रहा है कि ट्रेन का ट्रायल रन झांसी मंडल के खजुराहो में हो सकता है। इसके बाद इसे पटरी पर उतारा जाएगा।
हवा से बातें करने वाली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस में लंबी दूरी की यात्रा करने वालों को अब नया अनुभव मिलने जा रहा है। बेंगलुरु में तैयार हो रही स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस इतनी आकर्षक है कि उसे देखते ही एक बार उसमें यात्रा करने का मन आपका भी करेगा।
160 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ने वाली इस ट्रेन में वह सभी सुविधाएं मौजूद हैं, जो एक हवाई जहाज में होती हैं। इसको लेकर रेलवे ने ट्रेन के अंदर की तस्वीरें भी जारी की हैं। मंडल के रेल अधिकारी ने बताया कि ट्रेन अपने सफर पर निकलने से पहले झांसी मंडल के खजुराहो-छतरपुर रेलखंड में ट्रायल रन के लिए दौड़ाई जा सकती है। इसके बाद रेलवे बोर्ड तय करेगा कि ट्रेन का संचालन किस रूट पर और किस तिथि में होगा। इससे पहले खजुराहो रेलखंड पर वंदे मेट्रो ट्रेन का भी ट्रायल रन हो चुका है।
-
इन सुविधाओं से लैस है स्लीपर वंदे भारत
- कवच तकनीक से लैस है पूरी ट्रेन।
- अधिकतम 160 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति।
- प्रत्येक सीट पर यूएसबी चार्जिंग पोर्ट की सुविधा।
- एकीकृत रीडिंग लाइट की व्यवस्था।
- सार्वजनिक घोषणा विजुअल इंफॉर्मेशन सिस्टम।
- इनसाइड डिस्प्ले पैनल।
- सिक्योरिटी कैमरा और मॉड्यूलर पेंट्रीकार।
- फर्स्ट एसी कोच टॉयलेट में गर्म पानी की सुविधा।
- स्वचलित दरवाजे।
- सेंसर युक्त इंटर कम्युनिकेशन डोर।
- अग्निरोधक दरवाजे।
- गंधरहित टॉयलेट।
- लोको पायलट के लिए शौचालय।
- बड़े लगेज रूम की व्यवस्था।
- दिव्यांगों के लिए विशेष सीटें और टॉयलेट।
वर्जन
स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस का फर्स्ट लुक जारी हुआ है। जल्दी ही ट्रेन का ट्रायल रन शुरू किया जाएगा। हालांकि, ट्रेन के संचालन और तिथि का निर्धारण रेलवे बोर्ड से होगा।
मनोज कुमार सिंह, मंडल रेल जनसंपर्क अधिकारी।