झांसी। बाइक से भारत भ्रमण कर रही सना इकबाल ने कहा कि जिंदगी बड़ी खूबसूरत
है, इसे सकारात्मक तरीके से जीना चाहिए और निराश भरे वातावरण से बाहर
निकलकर खुद व दूसरों के लिए जीएं।
हैदराबाद से लद्दाख तक की यात्रा पर
एनफिल्ड बुलट से निकली सना के झांसी पहुंचने पर सोमवार को वुड्स हैरीटेज
स्कूल में विद्यार्थियों ने स्वागत किया। इस मौके पर सना ने कहा कि उनकी
यात्रा का उद्देश्य युवाओं में बढ़ती निराशा एवं आत्म हत्या की प्रवृति को
दूर करना हैं। उन्होंने कहा कि वह कुछ अलग करना चाहती थी, तभी ख्याल आया और
वह बाइक से तनाव मुक्ति का संदेश लेकर भारत भ्रमण के लिए निकल पड़ीं। गोवा
से यात्रा प्रारंभ की, जो हैदराबाद में समाप्त होगी।
उनके अनुसार वह बाइक
से प्रतिदिन दो सौ किलोमीटर से लेकर पांच किलोमीटर तक यात्रा करती हैं।
उन्होंने बताया कि वह अभी तक गोवा, गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश आदि कई
राज्यों के शहरों से गुजर चुकी हैं। वहीं स्वागत अवसर पर वुड्स हैरीटेज
स्कूल के प्रबंधक तवरेज खान ने दस हजार रुपये तथा पीयूष रावत ने 11 हजार
रुपये की प्रोत्साहन राशि सना को प्रदान किया। इसके पश्चात बाइक पर सना
अपने अगली मंजिल दतिया के लिए रवाना हो गई।