लूट व पारपीट का शिकार बने हरीश साहू के साथ व्यापारी।
झांसी। सीपरी बाजार से नंदपुरा के बीच मुख्य सड़क पर बुधवार की शाम आपस में मारपीट कर रहे आधा दर्जन युवकों ने एक ट्रांसपोर्टर को बेवजह जमकर पीटा। युवक उनके गले से सोने की जंजीर छीनकर मौके से भाग गए। पीड़ित के साथ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए व्यापारियों की भीड़ लगी रही। देर रात तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया था।
सीपरी बाजार क्षेत्र के मसीहागंज निवासी हीरालाल ट्रांसपोर्टर हैं। बुधवार की शाम करीब 3.30 बजे वे बाइक से ग्वालियर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप जा रहे थे। उनको पेट्रोल पंप पर खड़े अपने ट्रक में डीजल भरवाना था। वह घर से कुछ दूर ही निकले थे कि पवन स्टील नामक दुकान के सामने आधा दर्जन युवक आपस में झगड़ा कर रहे थे। उनमें एक युवक उनकी बाइक से आकर टकरा गया। इस बात को लेकर युवक उन पर टूट पड़े। अपना झगड़ा छोड़कर उनके साथ जमकर मारपीट की। उनके गले से ढाई तोले की सोने की जंजीर छीन ली। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय पार्षद राजू साहू व अन्य लोगों ने बीच बचाव कर उनको बचाया। अन्य लोगों के एकत्रित होने पर युवक मौके से भाग गए। यह पूरी घटना सीसीटीवी में रिकार्ड हो गई। बाद में पीड़ित ने मामले की लिखित जानकारी सीपरी बाजार पुलिस को दी। पुलिस ने देर रात तक मामला दर्ज नहीं किया था।