झांसी। महानगर के सालों पुराने प्रोजेक्ट ट्रांसपोर्ट नगर पर दो सप्ताह में अंतिम मुहर लगेगी। सोमवार को नगर निगम में हुई अधिकारियों और व्यापारियों की बैठक में तमाम निर्णय लिए गए। वहीं नगर आयुक्त ने ट्रांसपोर्ट नगर के स्वरूप को लेकर व्यापारियों से सुझाव मांगे हैं।
दरअसल, महानगर में ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना को लेकर कई सालों से मंथन चल रहा है। जेडीए की बोर्ड बैठक में करारी में नगर निगम की 25 एकड़ जमीन पर ट्रांसपोर्ट नगर बसाने के लिए प्रस्ताव पास हुआ था। इसके बाद जेडीए, नगर निगम अधिकारी और व्यापारियों ने जमीन का निरीक्षण किया था। जिसमें सामने आया कि जमीन सड़क मार्ग से करीब 250 मीटर अंदर है। वहीं ट्रांसपोर्ट नगर निर्माण में जमीन के हस्तांतरण को लेकर पेंच फंसा हुआ था। इसे लेकर सोमवार को नगर निगम में हुई बैठक में व्यापारियों ने कहा कि नगर निगम पीपीपी मॉडल पर ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण कराकर व्यापारियों को तय कीमत पर जगह मुहैया करा दें। इसे लेकर अधिकारियों ने कहा कि दो सप्ताह में ट्रांसपोर्ट नगर का स्वरूप फाइनल कर दिया जाएगा। इसके बाद कमिश्नर के साथ बैठक कर चर्चा होने के बाद निर्माण कार्य करने वाली संस्था तय हो जाएगी। नगर आयुक्त अवनीश राय ने कहा कि हाल ही में जहां भी ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण चल रहे हैं, उनका स्वरूप और वर्किंग मॉडल देखकर पूरी योजना तैयार की जाएगी। व्यापारी भी अपने सुझाव दे सकते हैं। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, जेडीए सचिव त्रिभुवन विश्वकर्मा, व्यापारी संतोष साहू, राघव वर्मा, चौधरी फिरोज, ट्रक और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के गुरुदीप चावला, कमलजीत सिंह, धर्मेंद्र अग्रवाल, अशोक आनंदानी, जय बुंदेलखंड व्यापार मंडल के अध्यक्ष विजय जैन, अंचल अड़जरिया, एके सोनी, अनिल सुड़ेले मौजूद रहे।