अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। झांसी से धौलपुर तक अब नवनिर्मित तीसरी लाइन पर ट्रेनों को दौड़ाया जाएगा। रेल संरक्षा आयुक्त ने इसके परीक्षण के बाद रेल संचालन की अनुमति दे दी है। इसके शुरू होने से इस रूट पर ट्रेनों की रफ्तार में सुधार आएगा।
रेलवे विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) की ओर से झांसी से मथुरा तक तीसरी लाइन का निर्माण किया जा रहा है। इसके तहत झांसी से धौलपुर तक 164.49 किलोमीटर लंबे रेल ट्रैक पर तीसरी लाइन का निर्माण पूरा कर लिया गया है। इस नए ट्रैक पर 120 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से ट्रेन दौड़ाकर परीक्षण भी कर लिया गया है।
बता दें कि झांसी से बीना 152.57 किलोमीटर लंबे रेलखंड पर भी तीसरी लाइन का काम जारी है। यहां जाखलौन से धौरा तक 11 किमी के रेल खंड को छोड़कर शेष सभी जगह काम पूरा कर लिया गया है। जबकि, जाखलौन-धौरा खंड में तीसरी लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षण सफल होने के बाद अब झांसी से धौलपुर के बीच तीसरी लाइन पर ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इससे ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी।