ट्रेनों की रफ्तार में बाधा बन रहे 100 मोड़ हुए दुरुस्त, आसान होगा सफर
झांसी। झांसी से दिल्ली तक ट्रेनों की रफ्तार में अब लंबे मोड़ बाधा नहीं बन सकेंगे। रेलवे ने भोपाल से दिल्ली तक बन रहे हाईस्पीड कॉरिडोर के तहत काम तेज कर दिया है। इसके तहत झांसी से आगरा तक ट्रैक पर बने करीब 100 मोड़ को दुरुस्त किया गया है। इसके बाद झांसी से दिल्ली तक अब 160 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से ट्रेनें दौड़ सकेंगीं। इसके लिए इसके लिए रेलवे का रिसर्च डिजाइन एंड स्टैंडर्ड ऑर्गनाइजेशन (आरडीएसओ) झांसी से दिल्ली तक ट्रेन का ट्रायल कर चुका है।
रेलवे लगातार ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने के लिए पहल कर रहा है। हाल ही में झांसी-खजुराहो ट्रैक पर ट्रेनों की रफ्तार 90 से 110 किमी प्रतिघंटा की गई है। मौजूदा समय में दिल्ली से भोपाल तक ट्रेनों की रफ्तार 160 किमी प्रतिघंटा करने के लिए हाईस्पीड कॉरिडोर का काम चल रहा है। इसके तहत दिल्ली से आगरा तक काम पूरा हो गया है। जबकि झांसी से आगरा के बीच ट्रैक पर बने करीब 100 मोड़ रफ्तार में रोड़ा बन रहे थे। इसके चलते मोड़ पर लोको पायलट को ट्रेन की रफ्तार कम करनी पड़ती थी, लेकिन अब इन मोड़ को तकनीकी रूप से दुुरुस्त कर दिया गया है।
हाल ही मेें झांसी मंडल आए उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी ने इन मोड़ पर हुए तकनीकी काम का निरीक्षण कर संतुष्टि जाहिर की थी। वहीं, आरडीएसओ ने 160 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से ट्रेन दौड़ाकर ट्रायल पूरा कर लिया है इससे उम्मीद है जल्द ही झांसी से दिल्ली तक ट्रेनें 160 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ सकेंगीं। ट्रेनों की गति सीमा बढ़ने के बाद झांसी से दिल्ली का सफर चार घंटे में पूरा होगा।
अब तक 130 की रफ्तार से दौड़ती हैं ट्रेनें
झांसी से आगरा के बीच अब तक ट्रेनों की अधिकतम गति सीमा 130 किमी प्रतिघंटा तय है। आगरा से झांसी तक गतिमान एक्सप्रेस 130 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ती रही है। इसके अलावा कई अन्य ट्रेनों की भी रफ्तार बढ़ाई गई है।
वर्जन
झांसी से दिल्ली तक 160 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से ट्रेन दौड़ाने के लिए काम तेजी से चल रहा है। आगरा तक ट्रैक पर बने मोड़ को दुरुस्त कर दिया है। जल्द ही ट्रेनों की गतिसीमा में इजाफा किया जाएगा।
मनोज कुमार सिंह, पीआरओ, झांसी मंडल