झांसी। महानगर के 13 चौराहों पर लगाए गए ट्रैफिक सिग्नलों का शनिवार को लोगों को पालन कराया गया। इस दौरान लाल बत्ती होने पर चौराहों पर तैनात होमगार्डों ने वाहनों को रुकवाकर चालकों को यातायात के नियम सिखाए। एक अप्रैल से ट्रैफिक सिग्नल का उल्लंघन करने पर चालान कटने शुरू हो जाएंगे।
नगर निगम में 181 करोड़ रुपये की लागत से स्मार्ट सिटी के तहत इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाया गया है। इसके तहत 13 चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल, कैमरे, इनवायरमेंट डिवाइस, फ ॉक्स लाइट और एलईडी लगाई गई है। हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसका निरीक्षण किया था। वहीं कमांड सेंटर के तहत ट्रैफिक सिग्नलों ने काम करना शुरू कर दिया है, लेकिन वाहन चालक ट्रैफिक सिग्नलों का पालन नहीं कर रहे हैं। इसे लेकर शनिवार को महानगर के प्रमुख चौराहा इलाइट, चित्रा और एवट मार्केट पर होमगार्ड तैनात किए गए। होमगार्ड ने लाल बत्ती होने पर वाहन रुकवाए। इसके साथ ही वाहन चालकों को बत्ती और यातायात के नियम बताए। बताया जाता है कि एक अप्रैल से ट्रैफिक सिग्नल का पालन न करने पर ऑनलाइन चालान वाहन चालक के घर पहुंच जाएगा। ट्रैफिक सिग्नलों के साथ लगे कैमरे वाहन की नंबर प्लेट की फोटो खींच लेंगे और चालान कट जाएगा। इसे लेकर स्मार्ट सिटी के तहत पहले नियमों का पालन कराया जा रहा है।
वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। कमांड सेंटर के तहत ट्रैफिक सिग्नल ने काम करना शुरू कर दिया है। एक अप्रैल से ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने पर चालान कटने लगेगा। अमित शर्मा, नोडल अधिकारी, स्मार्ट सिटी