साल का पहला दिन जाम के नाम रहा। महानगर के मुख्य चौराहों से लेकर पार्क के आसपास की सड़कें जाम की गिरफ्त में रहीं। जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पुलिस को भी इलाइट चौराहा से लेकर चित्रा चौराहा व सीपरी बाजार में यातायात सुचारु बनाने के लिए जूझना पड़ा।
नए साल के पहले दिन महानगर में घूमने आने वाले लोगोें की तादाद को देखते हुए यातायात व्यवस्था की गई थी। 1 जनवरी की दोपहर अचानक सड़कों पर वाहनों की बड़ी तादाद आने से व्यवस्थाएं चौपट हो गईं। देखते-देखते इलाइट चौराहा से लेकर बीकेडी मार्ग, चित्रा चौराहा, जेल चौराहा व अन्य सड़कों पर जाम लगना शुरू हो गया। यातायात व नवाबाद पुलिस ने पहुंचकर जाम खुलवाया। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने के लिए पुलिस ने इलाइट चौराहा से जीवनशाह जाने पर मार्ग पर बैरीकेटिंग लगाकर चौपहिया वाहनों का प्रवेश रोका। महारानी लक्ष्मीबाई पाक व किला मार्ग पर वाहनों की कतार लगने से लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो गया। यहां भी कोतवाली व यातायात पुलिस ने वाहनों को हटवाया। शहर के मानिक चौक, सीपरी बाजार, सदर बाजार समेत अन्य बाजार में भी जाम लगा रहा। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
होटल व मॉल के पास भी लगा रहा जाम
नए साल की सुबह जहां लोगों ने पार्क व किले की तरफ रुख किया। वहीं कई लोग अपने-अपने परिवार के साथ कार में सवार होकर शहर के होटल व मॉल पहुंचे। सड़कों के दोनों तरफ वाहन खड़े होने के कारण यहां भी जाम लगता रहा। पुलिस जाम खुलवाने में शाम तक जूझती रही।
शहर मेें चौतरफा लगने वाले जाम से यह साबित है कि पुलिस ने कोई इंतजाम नहीं किए। जिस कारण पल-पल जाम लगा।
अखिलेेश कुमार, आईटीआई निवासी
जाम ने पूरा मूड खराब कर दिया। घूमने की काफी योजना की थी। जाम में फंसने के बाद काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
गुलशन अरोरा, इलाइट निवासी
जाम में फंसने के दौरान कहीं भी पुलिस नजर नहीं आई। लौटने पर इलाइट चौराहा पर जरूर पुलिसकर्मी नजर आए थे।
सुधांशु दीक्षित, सदर कैंट, निवासी
व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए महानगर के प्रत्येक चौराहों पर बैरीकेटिंग लगानी चाहिए थी, ताकि बडे़ वाहन अंदर प्रवेश नहीं कर पाते।
राजेश पुरोहित, गुदरी निवासी