गुजरात और हिमाचल प्रदेश में मिली जीत का सोमवार को भाजपा के लोगों ने इलाइट चौराहे पर जश्न मनाया। इस दौरान जमकर आतिशबाजी हुई। इससे इलाइट चौराहे पर दोपहर में लगभग एक घंटे तक जाम जैसे हालात रहे। वाहनों को आवागमन में भारी दिक्कत हुई।
जीत की खुशी मनाने के लिए भाजपा के लोग दोपहर दो बजे से इलाइट चौराहे पर इकट्ठा होना शुरू हो गए थे। इससे इलाइट सिनेमा की ओर सड़क पर तमाम दुपहिया और चौपहिया गाड़ियां खड़ी हो गईं। उस पर कार्यकर्ताओं की भीड़ से एक ओर सड़क का यातायात बुरी तरह से प्रभावित हो गया। इसका असर चौराहे के इर्दगिर्द अन्य रास्तों से आने वाले वाहनों पर भी पड़ा। चौराहे पर फंस-फंस कर गाड़ियां निकलीं। इस दौरान जीत से उत्साहित भाजपा समर्थकों ने सड़क पर आतिशबाजी भी की। इससे ट्रैफिक बाधित रहा। बावजूद, जनता को होने वाली परेशानी की ओर ध्यान नहीं दिया गया।
भाजपा के महानगर महामंत्री मुकेश मिश्रा ने कहा कि हम लोगों का उद्देश्य किसी को परेशानी पहुंचाना नहीं था। जाम लगने पर पार्टी के कार्यकर्ता यातायात सामान्य बनाने में जुट गए थे। नवाबाद थाने के कार्यवाहक प्रभारी अशोक सिंह ने बताया कि जाम लगता देख वह तुरंत फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए थे। कुछ देर बाद यातायात व्यवस्था सुधार ली गई थी।