गुरसराय। कस्बे में बेतरतीब लगे होर्डिंग और फ्लेक्स वाहन यातायात में बाधा बन रहे हैं। बुधवार को गरौठा चौराहे से कॉलेज चौराहे तक मंडी रोड पर भीषण जाम लग गया। गरौठा रोड पर करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मशक्कत कर जाम खुलवाया।
नगर में होर्डिंग और फ्लेक्स लगाने की कोई प्रभावी व्यवस्था नजर नहीं आती। सार्वजनिक मार्गों और चौराहों पर इनका जाल फैलता जा रहा है। चौराहों और मार्गों पर बड़े-बड़े होर्डिंग और फ्लेक्स लगे हैं। इनसे वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहन देखने में परेशानी होती है। चौराहों पर ट्रकों और अन्य वाहनों को शुल्क वसूली के लिए रोकने से भी जाम लगता है। वाहन रुकते ही पीछे कतार लग जाती है। यह समस्या नगर के अन्य प्रमुख चौराहों पर भी है। इस दौरान बुधवार की दोपहर होर्डिंग के कारण जान लग गया। लगभग 30 मिनट तक सैकड़ों वाहन गरौठा चौराहे से कॉलेज तक जाम में फंसे रहे। सूचना पर पहुंचे कस्बा चौकी इंचार्ज योगेंद्र शर्मा और पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाया।