- ईओ बोले- घाटे में चल रही नगर पंचायत, ठेके से आएगा राजस्व, अगली बोर्ड बैठक में लिया जाएगा निर्णय
- व्यापारियों के विरोध के बाद फिलहाल बैठक तक टेंडर पर लगाई रोक
मोंठ। नगर पंचायत मोंठ द्वारा कराए जा रहे वजनकशी के ठेके का नगर के व्यापारियों द्वारा विरोध किया गया। मंगलवार को उपजिलाधिकारी मोंठ तथा नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि को अलग-अलग ज्ञापन देकर वजनकशी का ठेका न कराए जाने का अनुरोध किया।
ज्ञापन के माध्यम से व्यापारियों ने बताया कि पिछले 13 वर्षों से इस तरह का कोई ठेका नगर पंचायत द्वारा नहीं किया है। ठेके से नगर के व्यापारियों का आर्थिक उत्पीड़न होगा। महंगाई बढ़ेगी नगर में आने वाले किसानों तथा आमजन से भी वसूली होगी जो शासन के निर्देशों के विपरीत है, ठेके की बोली ना बुलवाए जाने की मांग की है। व्यापारियों ने नगर में पैदल मार्च कर नारेबाजी की और ठेके की बोली का विरोध किया। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी संजीव कुमार ने कहा नगर पंचायत घाटे में चल रही है, जिससे कर्मचारियों को समय से वेतन भी नहीं दे पा रहे हैं। ऐसी स्थिति में पुराने ठेके शुरू करके नगर पंचायत की आय बढ़ाना है। उन्होंने कहा टेंडर पर फिलहाल रोक लगाई गई है, अगली बोर्ड बैठक तक इस पर रोक लगा दी गई है।