झांसी। झांसी- कानपुर और ललितपुर- खजुराहो के बीच अनारक्षित ट्रेन का परिचालन पांच जुलाई से आरंभ हो जाएगा। इसके संचालन को रेलवे बोर्ड ने हरी झंडी दे दी है। इससे लोकल यात्रियों को सहूलियत मिलेगी। जन संपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि इन ट्रेनों का किराया मेल / एक्सप्रेस के जनरल किराए के बराबर होगा। सभी अनारक्षित ट्रेनें भी स्पेशल ट्रेनों के तहत चलाई जाएंगी जिसमें यात्री को किसी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी।
कोविड संक्रमण की लगातार सुधरती स्थिति को देखते हुए रेलवे बोर्ड आरक्षित ट्रेनों के साथ- साथ अनारक्षित ट्रेनों का परिचालन भी बढ़ाता जा रहा है। झांसी मंडल में झांसी- मानिकपुर, झांसी- ललितपुर, ललितपुर- खजुराहो के बाद पांच जुलाई से झांसी- कानपुर और ललितपुर- खजुराहो के बीच भी ट्रेनों का परिचालन शुरू कर रहा है। इसके परिचालन से लोकल यात्रियों को लाभ मिलेगा। कानपुर और झांसी के बीच विभिन्न स्टेशनों के लिए प्रतिदिन सैकड़ों लोग यात्रा करते हैं। अभी तक आरक्षित ट्रेनों से यात्रा के दौरान उन्हें काफी अधिक पैसे खर्च करने पड़ते थे लेकिन अनारक्षित ट्रेनों के परिचालन से अब उन्हें कम खर्च करने पड़ेंगे।