झांसी। लॉकडाउन में बंद पड़े रेहड़ी पटरी दुकानदारों को 10 हजार रुपये का लोन देने के लिए शुरू की गई पीएम स्वनिधि योजना का लाभ आज स्ट्रीट वेंडरों को मिलेगा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्ट्रीट वेंडरों से वीडियो क्रांफ्रेंसिंग के जरिए संवाद करेंगे। इसे लेकर पूरे दिन तैयारियां चलती रहीं।
जिले में पीएम स्वनिधि योजना के तहत रेहड़ी और पटरी दुकानदारों को लाभान्वित करने के लिए 10 हजार रुपये का लोन देने की व्यवस्था शुरू की गई है। इसके लिए पिछले दिनों नगर निगम में महानगर के तमाम रेहड़ी पटरी दुकानदारों ने आवेदन किए। योजना के तहत मंगलवार को दीनदयाल सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्ट्रीट वेंडरों से संवाद करेंगे। इसके साथ ही जनप्रतिनिधि करीब 80 स्ट्रीट वेंडरों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित करेंगे। अपर नगर आयुक्त शादाब असलम ने बताया कि 10 हजार रुपये का लोन सिक्योरिटी फ्री है। जिसके नियमित भुगतान पर सात फीसद करी सब्सिडी दी जाएगी। वहीं नियमित भुगतान पर 1200 रुपये का कैशबैक दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार को स्ट्रीट वेंडरों से प्रधानमंत्री संवाद करेंगे।