झांसी। बिजली का महंगा करंट लोगों को झटके मार रहा है। इससे झांसी और ललितपुर के लोग परेशान हैं। महंगी बिजली की मार से बचने के लिए लोग अब सोलर पैनल घरों में लगवा रहे हैं। इसके अलावा स्कूलों और छोटे उद्योगों में भी सोलर पैनल लगवाकर बिजली की बचत की जा रही है। सोलर पैनल लगवाने से हर महीने लोग हजारों रुपये बचा रहे हैं। अभी तक एक साल में झांसी और ललितपुर में पांच हजार से अधिक घरों, स्कूलों और उद्योगों में सोलर पैनल लगवाए जा चुके हैं। इसे और बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा सोलर पैनल लगवाने वाले के लिए लोगों को अपनी पसंद का वेंडर चुनने के लिए भी छूट दे दी है।
यूपीनेडा द्वारा बिजली की खपत करने और बिजली बचाने के लिए अनेक योजनाएं चलाती है। इसीक्रम में सोलर पैनल को बढ़ावा देने के लिए अब सब्सिडी के लिए पसंद का वेंडर चुनने की खुली छूट दी है। इसमें सब्सिडी प्राप्त करके महज पचास हजार रुपये में सोलर पैनल लगवाकर बिजली बिल को कम किया जा सकता है। इसक ो लेकर ललितपुर और झांसी के करीब पांच हजार से अधिक लोगों ने लगवाकर इसका लाभ लिया है। वहीं, विभाग द्वारा आगे भी इसको लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
ये हैं रेट
किलोवाट खर्च सब्सिडी केंद्र सरकार
2 80 हजार से एक लाख 40 प्रतिशत
3 1.00 से 1.20 लाख 40 प्रतिशत
4 1.20 लाख से 1.40 लाख 20 प्रतिशत
5 1.40 से 1.60 लाख 20 प्रतिशत
6 1.60 से 1.80 लाख 20 प्रतिशत
7 1.80 से 2.00 लाख 20 प्रतिशत
8 2.00 से 2.20 लाख 20 प्रतिशत
9 2.20 से 2.40 लाख 20 प्रतिशत
10 2.40 से 2.60 लाख 20 प्रतिशत
प्रदेश सरकार देती है इतनी सब्सिडी
एक किलोवाट से लेकर 10 किलोवाट तक के घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राज्य सरकार द्वारा प्रति किलोवाट 15 हजार और अधिकतम 30 हजार का अनुदान मिलता है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। जो सीधे खाते में पहुंच जाएगा। सरकार का सब्सिडी देने का उदद्ेश्य हरित-स्वच्छ और एनर्जी देने का है।
संयंत्र की स्थापना के लिए यहां करें आवेदन
ग्रिड संयोजित रूफटॉप सोलर पावर प्लांट लगवाने के लिए www.upnedasolarrooftopportal.com पर आवेदन कर सकते हैं।
झांसी और ललितपुर में लोगों ने काफी रुचि दिखाई है। हालांकि अब सरकार ने अधिकृत वेंडरों की जगह किसी से भी खरीदने पर छूट देने का प्रावधान कर दिया है। इससे बिजली की बचत होगी और लोगों का जेब खर्च भी घटेगा। - एस.के गुप्ता, वरिष्ठ परियोजना अधिकारी, यूपीनेडा झांसी