झांसी। कोरोना की दूसरी लहर थम जाने के बाद अब लोग कोविड की वैक्सीन लगवाने के लिए नहीं आ रहे हैं। तय लक्ष्य के सापेक्ष तीन लाख से ज्यादा लोगों को अभी वैक्सीन की पहली ही डोज नहीं लग पाई है। वहीं, 1.44 लाख लोग ऐसे हैं, जिन्होंने समय निकल जाने के बावजूद दूसरी डोज नहीं लगवाई। 2.84 लाख लोगों की दूसरी डोज लगवाने का भी समय आ गया है, मगर ये भी टीकाकरण केंद्रों पर नहीं पहुंच रहे हैं।
कोरोना की दूसरी लहर ने झांसी समेत देश भर में खूब कहर मचाया। इसके बाद टीकाकरण केंद्रों पर कोरोना की वैक्सीन लगवाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई। मगर जैसे ही महामारी ठंडी पड़ी वैसे ही लोग वैक्सीन लगवाने से भी कदम पीछे खींचने लगे। अब हाल ये है कि 14.82 लाख के सापेक्ष अब तक साढ़े ग्यारह लाख लोगों ने ही कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगवाई है। जबकि, 445113 लोगों को ही दूसरी डोज लग पाई है। 27 प्रतिशत यानी 284873 लोग ऐसे हैं, जिनका दूसरी डोज लगवाने का समय आ गया है मगर वो टीकाकरण केंद्रों पर नहीं जा रहे हैं। वहीं, 18 प्रतिशत यानी 143878 लोगों का दूसरी डोज लगवाने का समय निकल चुका है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कोरोना वैक्सीन का आधा अधूरा कोर्स छोड़ना या वैक्सीन न लगवाना लोगों के लिए भारी पड़ सकता है। कई देशों में कोरोना संक्रमण के मामले फिर से बढ़ने लगे हैं। ऐसे में महामारी की तीसरी लहर आने का डर सताने लगा है।
कोरोना महामारी से बचाव के लिए वैक्सीन ही एकमात्र उपाए है। कई देशों में कोरोना के मामले बढ़ने लगे हैं। ऐसे में लोग समय पर अपनी डोज लगवा लें। जिनकी दूसरी डोज लगवाने का समय निकल चुका है, वो भी केंद्र पर आकर वैक्सीन लगवा सकते हैं। - डॉ. रविशंकर, जिला टीकाकरण अधिकारी।