झांसी। मेडिकल कॉलेज में खुले आसमान में रात बिताने वाले तीमारदारों को जल्द ही आधुनिक आश्रय स्थल में सुविधा दी जाएगी। नगर निगम की तरफ से शासन को मेडिकल कॉलेज में आश्रय स्थल का निर्माण कराए जाने का प्रस्ताव भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही वहां पर आश्रय स्थल का निर्माण कराया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई इलाकों से मरीज इलाज कराने पहुंचते हैं। दूर दराज से मरीज से आने वाले तीमारदारों को मजबूरी में गैलरी या अन्य खुले स्थान पर रात गुजारने के लिए मजबूर होना पड़ता है। इस समस्या को देखते हुए नगर निगम ने मेडिकल कॉलेज कैंपस में आश्रय स्थल निर्माण कराने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा है। मंजूरी मिलते ही मेडिकल कॉलेज की तरफ से उपयुक्त जमीन पर निर्माण कार्य कराया जाएगा।
इस आश्रय स्थल के निर्माण से कई गरीब तबके के तीमारदारों को राहत मिलेगी। उसमें तीमारदारों को रुकने के लिए पलंग, पीने के लिए आरओ का पानी, टॉयलेट, टीवी, रेफ्रीजिरेटर की सुविधा मिलेगी। इतना ही नहीं कई उन्हें रसोई घर की सुविधा मिलेगी। बस, उन्हें खाने के लिए कच्चा सामान खरीदकर लाना होगा। बाकी सामान, गैस, चूल्हा, बर्तन आदि की व्यवस्था नगर निगम की ओर से होगी।