राजकीय संग्रहालय में टाइम मशीन से लेकर साइकिल राइड तक की सुविधा
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। 10 करोड़ खर्च करके राजकीय संग्रहालय की तीन गैलरी को आधुनिक बनाया गया है। अब यहां आने वाले पर्यटकों को वर्चुअल हेलीकॉप्टर राइड, टाइम मशीन से लेकर साइकिल राइड तक की सुविधा मिलेगी। मगर टिकट की दरें तय न हो पाने से इन रोमांचक सुविधाओं का लुत्फ पर्यटक नहीं उठा पा रहे हैं।
स्मार्ट सिटी के तहत मिले बजट से झांसी विकास प्राधिकरण ने राजकीय संग्रहालय की तस्वीर बदलने का काम किया है। ताकि, यहां पर राष्ट्रीय ही नहीं अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की भी भीड़ बढ़े। अब यहां आने वाले पर्यटकों के लिए बुंदेलखंड के स्थलों का हवाई दर्शन करने को वर्चुअल हेलीकॉप्टर राइड की सुविधा उपलब्ध है। टाइम मशीन है, जिसके जरिए अलग-अलग काल के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। साइकिल राइड के दौरान सामने स्क्रीन पर अलग-अलग स्थलों पर खुद को साइकिल चलाते हुए देख सकेंगे। मोड़ आने पर हैंडल घुमाने पर स्क्रीन पर साइकिल मुड़ भी जाएगी। संग्रहालय में ऑटोमेटिक स्क्रीन भी लगाई गई है, जो वहां रखी वस्तुओं की जानकारी देगी। क्रोमा स्क्रीन भी लगी है, जिसमें बैक ग्राउंड के साथ तस्वीर खींच सकते हैं। दो अन्य गैलरी में ऑडियो और विजुअल माध्यम से पर्यटकों को इतिहास बताने की सुविधा शुरू की गई है। इसका लोकार्पण 12 मार्च को हो चुका है मगर हेलीकॉप्टर राइड समेत कई सुविधाओं का लुत्फ उठाने के लिए अभी पर्यटकों को इंतजार करना पड़ेगा। क्योंकि, टिकट की दर तय न हो पाने से लोगों के लिए अभी ये सुविधाएं चालू नहीं हो पाई हैं। वहीं, जेडीए सचिव उपमा पांडेय का कहना है कि जल्द ही टिकट की दरें तय हो जाएंगी।
टिकट से हुई आय रखरखाव पर होगी खर्च
बताया गया कि संग्रहालय को आधुनिक बनाने वाली कंपनी दो साल तक ही इसका रखरखाव करेगी। इसके बाद टिकट से होने वाली आय को संग्रहालय के रखरखाव पर खर्च किया जाएगा।