झांसी। बरुआसागर के ग्राम तेंदौल स्थित बरुआ नाले में नहा रहे ग्रामीणों पर लकड़बग्घे ने हमला कर दिया। हमले में वृद्धा सहित तीन ग्रामीण बुरी तरह से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने पूरे इलाके को सर्च कर गांव में डेरा जमा लिया है।
बरुआ नाले में प्रतिदिन कई लोग कपड़े धोने के साथ ही नहाने के लिए जाते हैं। जिससे नाले पर हर समय लोगों का जमावड़ा रहता है। सोमवार को प्रतिदिन की तरह ही ग्रामीण नहा धो रहे थे। अचानक एक लकड़बग्घे ने हमला कर दिया है। हमले में चंद्रपाल अहिरवार (35) राजू अहिरवार (34) व गोई (65) घायल हो गए। शोर होने पर ग्रामीण लाठी डंडा लेकर पहुंचे तब तक लकड़बग्घा भाग गया था। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। सूचना वन विभाग के आला अधिकारियों को दी गई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने आसपास के इलाकों में सर्च किया। इस मौके पर क्षेत्रीय वन अधिकारी परवेज शहजाद, वन दारोगा प्रद्युम्न भदौरिया, वन रक्षक मनोज श्रीवास, पुष्पेंद्र मौजूद रहे।
प्रभागीय वन अधिकारी वीके मिश्रा ने बताया कि लकड़बग्घे की सूचना मिलने पर तुरंत ही टीम को भेजा गया था। टीम द्वारा पूरे इलाके को सर्च कर गांव में ही डेरा जमा लिया है। गांव में पिंजरा लगाकर लकड़बग्घे को पकड़ा जाएगा।