three suspicius admit in medical college
झांसी। जिले के अलग-अलग इलाकों में बाहर से आने वाले और वायरल पीड़ित 31 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज की लैब में भेज दिए गए हैं। इसके अलावा दस लोगों को पैरामेडिकल कॉलेज में क्वारंटीन किया गया है। कुछ के घरों के बाहर नोटिस चस्पा किए गए हैं।
कोरोना वायरस के चलते संदिग्ध मरीजों और बाहर से आने वाले लोगों का सैंपल लिए जा रहे हैं। सोमवार को जिला अस्पताल में छह और पैरामेडिकल कॉलेज में 25 लोगों के सैंपल लिए गए। इन सैंपलों को मेडिकल कॉलेज के नेफ्रोलॉजी विभाग में बनी लैब में जांच के लिए भेज दिया गया है। मंगलवार तक इनकी रिपोर्ट आने की संभावना है। वहीं, मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में बने आइसोलेशन वार्ड में आवास विकास निवासी 38 वर्षीय युवक, पिछोर निवासी 16 वर्षीय किशोरी और 60 साल की एक वृद्धा को भर्ती किया गया। इनका भी सैंपल लिया गया है। वहीं, देश के विभिन्न हिस्सों से लौटने पर दस लोगों को क्वारंटीन किया गया है। इसके अलावा कुछ लोगों के घरों के बाहर पोस्टर भी चस्पा किए गए हैं।