झांसी। कोरोना वायरस का संक्रमण झांसी में बेकाबू हो गया है। मंगलवार को इस महामारी ने जिले में अब तक सबसे बड़ा हमला बोला है। एक ही दिन में 127 नए मरीज सामने आए हैं। जबकि, तीन की मौत भी हुई है। मरने वालों में दो पुरुष व एक महिला शामिल है।
झांसी में कोरोना वायरस के संक्रमण का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को एक ही दिन में 127 नए मरीज सामने आए। ये सभी मरीज कंटेनमेंट एरिया से हैं। कोरोना वायरस के संक्रमणकाल के दौरान की ये अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। इसके साथ ही तीन मरीजों की मौत भी हुई है। खातीबाबा रोड नंदनपुरा निवासी 43 वर्षीय महिला, जुगयाना निवासी 65 वर्षीय तथा बाहर सैंयर गेट निवासी 45 वर्षीय पुरुष को इस महामारी ने मौत की नींद सुला दिया। इस महामारी की चपेट में आकर अब तक जिले में 41 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 730 हो गई है। हालांकि, इनमें से 226 की इस महामारी की जकड़न से आजाद होने पर अस्पताल से छुट्टी कर दी गई है। इनमें से 38 को मंगलवार को डिस्चार्ज किया गया। वर्तमान में 464 एक्टिव केस हैं।
े