झांसी। जिले में कोरोना के 1421 नमूनों की जांच हुई और इनमें 42 नए मरीज सामने आए हैं। इसके अलावा तीन की मौत भी हुई है। वहीं, 57 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया।
नए मरीज प्रेमनगर, नरसिंह राव टौरिया, तुलसी आश्रम चिरगांव, सूद कॉलोनी, चिक मुहल्ला सदर बाजार, मदर टेरेसा आश्रम मनु विहार कॉलोनी, ओम शांति नगर, बबीना, डिफेंस कॉलोनी, सारंध्रा नगर, आंतिया ताल, पुलिस लाइन, अंसल पाम कोर्ट, कुमार का कुआं कोंछाभांवर, रामनगर गरौठा, रॉयल सिटी, गुरार बरुआसागर, बबीना कैंट, वीरांगना नगर आदि क्षेत्रों से सामने आए हैं। वहीं, तीन संक्रमितों की मौत हुई है। इनमें गुरु हरिकिशन कॉलेज के पास खोड़न निवासी 55 वर्षीय एक व्यक्ति है, जिसे बुखार, कफ, सांस लेने में परेशानी होने पर अस्पताल में भर्ती किया गया था।
मृतक पहले से हाईपरटेंशन से भी ग्रसित था। इसके अलावा रस विहार कॉलोनी के 70 वर्षीय एक बुजुर्ग की भी मौत हुई है। इन्हें बुखार, कफ और सांस लेने में परेशानी होने पर मेडिकल कॉलेज में दाखिल किया गया था। वहीं, मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी कोरोना संक्रमित दो साल के एक बच्चे की भी मौत हुई है। इस गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज लाया गया था। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
विदित हो कि जिले में अब तक कोरोना के 4628 मरीज सामने आ चुके हैं। हालांकि, इनमें से 3,425 मरीजों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। 57 को बृहस्पतिवार को डिस्चार्ज किया गया। जिले का रिकवरी रेट बढ़कर 81.43 प्रतिशत पर पहुंच गया है। वर्तमान में 754 एक्टिव पॉजिटिव केस हैं और इनमें से 99 को छोड़कर बाकी सभी बगैर या सूक्ष्म लक्षण वाले मरीज हैं।