- सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सब्जी विक्रेता से अभद्रता करना तीन महिला गार्डों को भारी पड़ गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और नगर आयुक्त ने संज्ञान लिया। इसके बाद सेवा प्रदाता एजेंसी के जरिए तैनात तीनों महिला गार्डों को फर्म ने तत्काल प्रभाव से हटा दिया है।
पहूज नदी स्थित सब्जी मंडी में नगर निगम की तरफ से तीन महिला गार्ड और दो पुरुष गार्ड की तैनाती की गई है। बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें शिवपुरी रोड पर पहूज नदी स्थित सब्जी मंडी में तीन महिला गार्ड सब्जी बेचने वाली महिलाओं के साथ अभद्रता करती दिख रही थीं। वीडियो जब नगर आयुक्त तक पहुंचा तो उन्होंने मेसर्स कृष्णा सिक्योरिटी सर्विस को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। स्पष्टीकरण का जवाब देते हुए फर्म ने तीनों महिला गार्ड को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है।