अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सरकारी विभागों में वाहन लगाने का झांसा देकर कार लेकर गायब जालसाज शैलेंद्र सोनी को पुलिस तलाशने में जुटी है। वाहन मालिकों के नंबर के आधार पर पुलिस वाहनों को भी तलाश रही है लेकिन, तीन दर्जन से अधिक वाहनों का जीपीएस बंद है। इस वजह से उनका पता नहीं चल पा रहा है। उधर, जालसाजी का शिकार हुए दो दर्जन से अधिक लोग कोतवाली पहुंचे। उन्होंने भी आरोपी जालसाज शैलेंद्र के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने उनको भी जांच में शामिल कर लिया है।
बंगलाघाट निवासी शैलेंद्र सोनी समेत उसके दोस्त राजपाल एवं संजय के खिलाफ कोतवाली में धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। अभी तक पचास लोगों से धोखाधड़ी की बात सामने आ रही थी लेकिन, दो दिन जांच के बाद इनकी संख्या बढ़कर सौ से भी अधिक पहुंच गई। सोमवार को भी दो दर्जन से अधिक लोग शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचे। भुक्तभोगियों ने पुलिस को बताया जालसाज शैलेंद्र ने सरकारी विभाग में वाहन लगाने का झांसा दिया। हर महीने 20-30 हजार रुपये की आमदनी कराने की बात कही। बहकावे में आकर उन लोगों ने अपनी कार उसको दे दी। कुछ माह बाद शैलेंद्र ने पैसा देना बंद कर दिया।
कोतवाल राजेश पाल के मुताबिक वाहन मालिकों से मिले विवरण के मुताबिक वाहनों की भी तलाश की जा रही है। कई वाहनों के जीपीएस बंद मिल रहे हैं। इस वजह उनका पता नहीं चल पा रहा। आरोपी को भी तलाशा जा रहा है।