दो कारों की भिड़ंत, कपड़ा व्यापारी समेत तीन की मौत
झांसी। निवाड़ी के निकट टीमकमगढ़ मार्ग पर स्थित काली जी के मंदिर के पास मंगलवार की शाम दो कारों की भीषण भिड़ंत में झांसी के तिलयानी बजरिया में रहने वाले कपड़ा व्यापारी दिलीप जैन समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। इनमें एक महिला को मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। बाकी निवाड़ी के अस्पताल में भर्ती हैं।
मूलरूप से कटेरा के गांव पड़रा निवासी हुकुम चंद जैन की सात संतानें हैं। इनमें एक पुत्री व छह पुत्र हैं। इनमें सबसे बड़े प्रमोद जैन गांव में रहते हैं। जबकि, ठेकेदार विनोद जैन, राकेश , दिलीप, नवीन व ऋषभ जैन परिवार के साथ कोतवाली क्षेत्र के तिलयानी बजरिया में रहते हैं। सभी के अलग- अलग कारोबार हैं। दिलीप जैन चौथे नंबर के थे। उनका गुसाईपुरा में कपड़े का कारोबार है। मंगलवार की सुबह वह बस से गांव गए थे। शाम के वक्त वह गांव से अपने कुछ साथियों के साथ इनोवा गाड़ी में सवार होकर निवाड़ी की तरफ आ रहे थे।
शाम करीब छह बजे बारिश हो रही थी, तभी निवाड़ी से टीकमगढ़ की तरफ जाने वाले मार्ग पर काली जी के मंदिर के पास सामने से आ रही ओमनी वैन की उनकी कार से भीषण टक्कर हो गई। वैन में एक मरीज को लेकर कारी गांव के पांच लोग आ रहे थे। टक्कर में दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उनमें सवार लोग अंदर ही दबकर रह गए। चीख पुकार मच गई। हादसे को देख मौके पर भीड़ लग गई। वैन में सवार दो लोगों की मौत पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, भीड़ में शामिल कुछ लोग दिलीप जैन को पहचान गए। उनकी मदद से दिलीप व एक अन्य महिला को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे की खबर मिलते ही पूर्व मंत्री प्रदीप जैन समेत समाज के लोग बड़ी संख्या में मेडिकल कॉलेज पहुंच गए।
तीन बेटियां हैं
कपड़ा कारोबारी दिलीप जैन की तीन बेटियां हैं। इनमें एक बेटी अभी दस महीने की है। उनकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।