three die and 70 new positive in jhansi
झांसी। बृहस्पतिवार को जिले में कोरोना वायरस के 1,797 नमूनों की जांच हुई। इनमें सीएमओ ऑफिस में कार्यरत डिप्टी सीएमओ समेत 70 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा तीन संक्रमितों की मौत भी हुई है।
कोरोना वायरस संक्रमण के नए मरीजों के सामने आने का सिलसिला लगातार जारी है। बृहस्पतिवार को 70 मरीजों की पहचान की गई। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2166 पर पहुंच गई है। हालांकि, इनमें से 1180 मरीजों को स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी भी दी जा चुकी है। इनमें से 57 मरीजों को बृहस्पतिवार को डिस्चार्ज किया गया। वर्तमान में जिले में एक्टिव पॉजिटिव केस 921 बने हुए हैं। इनमें से महज 103 मरीजों में ही कोरोना वायरस के संक्रमण के लक्षण हैं। बाकी सभी मरीज लक्षण रहित हैं। जिले में रिकवरी रेट बढ़कर 54.47 प्रतिशत पर पहुंच गया है।
वहीं, कोरोना संक्रमित एक महिला व दो पुरुषों की मौत भी हुई है। मरने वालों में मोंठ की 52 वर्षीय एक महिला है। इसके अलावा हींगन कटरा निवासी 72 वर्षीय एक पुरुष तथा सैंयर गेट अंदर निवासी 46 वर्षीय एक महिला की भी मौत हुई है। अब तक कोरोना वायरस से संक्रमित जिले में 65 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना संक्रमितों की मृत्यु दर तीन फीसदी है।