झांसी। कोरोना वायरस का संक्रमण झांसी पर लगातार हमलावर रुख अपनाए हुए है। रविवार को 83 नए मरीज सामने आए और तीन की मौत हुई है। इसके साथ ही, संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,177 पर पहुंच गई है। जबकि, मरने वालों का आंकड़ा 48 पर जा पहुंचा है।
कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या झांसी में तेजी से बढ़ रही है। रविवार को कोरोना के 1,044 संदिग्ध मरीजों के नमूनों की जांच हुई, इनमें 83 पॉजिटिव पाए गए। इक्का - दुक्का मरीजों को छोड़ दिया जाए तो इनमें से ज्यादातर मरीज पुराने शहर के अलग-अलग मुहल्लों से हैं। इसके अलावा दो पुरुष व एक महिला की मौत भी हुई है। मरने वालों में उनाव गेट इलाके का 38 साल का एक युवक है, जिसे 8 जुलाई को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। जबकि, गुदरी के 66 वर्षीय एक वृद्ध को भी इस महामारी ने मौत की नींद सुला दिया। इन्हें 14 जुलाई को अस्पताल में दाखिल किया गया था। वहीं, सैंयर गेट निवासी 42 वर्षीय एक संक्रमित महिला की भी मौत हो गई। इस महिला को 15 जुलाई को भर्ती किया गया था।
जिले में अब तक 1177 मरीज सामने आ चुके हैं और इनमें से 48 की मौत भी हो चुकी है। वहीं, 368 मरीज इस महामारी की जकड़न से पूरी तरह से आजाद हो चुके हैं, जिन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है। इनमें से 25 मरीजों को रविवार को डिस्चार्ज किया गया। वर्तमान में 760 एक्टिव पॉजिटिव केस बने हुए हैं।