गुरुवार की दोपहर टीकमगढ़ (मध्यप्रदेश) के टोल बैरियर व ग्राम नीमखेड़ा के बीच गाय बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर दो पेड़ों से टकराती हुई खेत में जा गिरी। हादसे में इंजीनियर समेत तीन युवकों कीमौत हो गई, जबकि चौथा गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार कस्बा महरौनी के मुहल्ला अथाईपुरा निवासी इंजीनियर सौरभ सिंह (25 वर्ष) अपने मित्र हेमंत सिंह (20 वर्ष), प्रदीप सिंह (28 वर्ष) एवं भानू राजा के साथ गुरुवार की दोपहर किसी काम से टीकमगढ़ जा रहे थे, धार्मिक स्थल कुंडेश्वर के आगे नीमखेड़ा टोल बैरियर के पास अचानक सड़क पर गाय आ गई। उसे बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों द्वारा घायलों को टीकमगढ़ अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने इंजीनियर सौरभ सिंह, हेमंत सिंह व प्रदीप को मृत घोषित कर दिया, जबकि भानू राजा की हालत गंभीर होने पर उन्हें झांसी रेफर कर दिया गया। मृतक सौरभ सिंह के भाई शिवम प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सौरभ दुबई में एक कंपनी में इंजीनियर थे और वह बारह दिन पहले ही महरौनी में अपने घर आया था। तीन फरवरी को उसे दुबई वापस जाना था। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।