फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सड़क हादसे में ब्लॉक प्रमुख के भतीजे समेत दो की मौत, छह घायल

Fri, 17 May 2019 12:46 AM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, झांसी
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

अलग-अलग दो सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। एक हादसे में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे ब्लॉक प्रमुख बामौर के भतीजे सहित दो की मौत हुई। वहीं दूसरी सड़क दुर्घटना में आपे पलटने से वृद्ध की जान चली गई। इन दोनों हादसों में कुल छह लोग घायल हो गए। पहली घटना ग्राम भुजौंद के पास हुई, जबकि दूसरा हादसा ग्राम बम्हरौली के पास हुआ।

विज्ञापन


जानकारी के अनुसार  ब्लॉक प्रमुख बामौर श्रीमती शकुंतला देवी यादव के भतीजे एवं ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि चंदन सिंह यादव (32) एरच से अपने एक मित्र के शादी समारोह में शामिल होने के लिये कार ईको स्पोर्ट्स से चिरगांव जा रहे थे। चंदन सिंह के साथ कार में उनके मित्र ऋषि पाल सिंह तोमर (42), दीपक रत्नाकर एवं राजा यादव बैठे हुए थे। कार चंदन सिंह खुद चला रहे थे। ऋषि पाल सिंह आगे वाली सीट पर बैठे हुए थे। रात करीब बारह बजे जब वह थाना मोंठ अंतर्गत भुजौंद के पास पहुंचे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ गया और कार डिवाइडर से टकराकर कई पलटियां खाते हुये पलट गई। हादसे में चंदन सिंह यादव (32) और ऋषि पाल तोमर (42) दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दीपक रत्नाकर एवं राजा यादव घायल हो गए, जिन्हें मोंठ कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर कार से निकलवाया और उपचार के लिए झांसी भिजवाया, जहां से दीपक एवं राजा को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

एक अन्य घटना थाना मोंठ क्षेत्र के बम्हरौली हाईवे सर्विस रोड के पास हुई, जहां आपे पलटने से एक वृद्घ की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए मोंठ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भर्ती कराया गया। घटना के संबंध में बताया जाता है कि बृहस्पतिवार को आाटो मोंठ से सवारियों को लेकर पूंछ जा रही थी। ग्राम बम्हरौली सर्विस रोड के पास पहुंचने पर अचानक संतुलन बिगड़ गया और आटो सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में ग्राम जरहाकलां निवासी नाथूराम पुत्र छोटेलाल (70) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामा देवी पत्नी संतोष अहिरवार (30), कमला देवी पत्नी सियाराम (40) निवासी जरहाकला, अजीज खां पुत्र इनाज खां निवासी महाराजगंज ढेरी एवं अरुण कुमार पुत्र बृजकिशोर (16) निवासी ग्राम कडूरा घायल हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ पहुंचे और घायलों को मोंठ अस्पताल में भर्ती कराया। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए झांसी भेज दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें