झांसी। कोतवाली पुलिस ने विवाह घरों के बाहर से बाइक चोरी करने वाले तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से तीन बाइक बरामद की हैं। नंबर प्लेट बदलकर बाइकों को गांव में बेच देते थे। पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया है।
सोमवार को कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार अवस्थी, बड़ागांव गेट चौकी इंचार्ज रामकुमार सिंह चौहान व ओरछा गेट चौकी इंचार्ज सरोत्तम सिंह ने वाहन चोरी की सूचना पर मैरी रोड पर दबिश दी। मौके से बकरा मंडी निवासी रोहित वाल्मीकि, बड़ागांव गेट बाहर निवासी विकास प्रजापति उर्फ अंश व विक्की प्रजापति को पकड़ा। तीनों के पास से पुलिस ने चोरी की बाइकें बरामद कीं। इन बाइकों को महानगर के अलग-अलग विवाह घरों से चोरी की थीं। पूछताछ में बताया कि नंबर प्लेट बदलने के बाद बाइकों को गांव क्षेत्र में बेच देते थे। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।