झांसी। झांसी से धौलपुर के बीच तीसरी रेल लाइन के लिए 160 किलोमीटर में अलग- अलग जगह समतलीकरण का काम तेजी से चल रहा है। रेल विकास निगम लिमिटेड डबरा से आंतरी के बीच 20 किलोमीटर ट्रैक को सबसे पहले चालू करने में जुटा है। समतलीकरण के बाद यहां पर बुधवार से स्लीपर (रेल पटरी के नीचे डाले जाने वाले खंभे) डालने का काम शुरू कर दिया गया। साथ ही करारी, सोनागिर, कोटरा व अनंतपेठ स्टेशनों की नई बिल्डिंग का काम भी लगभग पूरा कर लिया गया है।
झांसी से मथुरा के बीच 273 किलोमीटर में तीसरी रेल लाइन डालने की मंजूरी मिली है। इस काम को झांसी से धौलपुर और धौलपुर से मथुरा के बीच बांटा गया है। इसमें रेल विकास निगम लिमिटेड ने झांसी से आंतरी के बीच नोएडा की केपीटीआई, आंतरी से धौलपुर के बीच गुड़गांव की जीआर इंफ्रा और धौलपुर से मथुरा के बीच दिल्ली की एसटीएस कंपनी को काम सौंपा गया है। झांसी से मथुरा के बीच नौ स्टील के ब्रिज (पुल) का निर्माण होगा, जिसको कोलकाता की जीपीटी इंफ्रा कंपनी बनाएगी। रेल विकास निगम लिमिटेड ने रास्ते की ड्राइंग, ब्रिज और सबवे बनाने के मानचित्र तैयार कर लिए गए हैं। झांसी से धौलपुर के बीच 160 किलोमीटर में अलग- अलग जगह समतलीकरण का काम तेजी से चल रहा है। इसमें डबरा से आंतरी के बीच समतलीकरण के बाद स्लीपर डालने का काम बुधवार से शुरू हो गया। फरवरी 2021 तक सबसे पहले डबरा से आंतरी के बीच थर्ड ट्रैक चालू करने की तैयारी चल रही है।
20 स्टेशनों पर होगा काम
झांसी-धौलपुर सेक्शन के बीच 20 स्टेशन आते हैं। थर्ड ट्रैक के हिसाब से इन स्टेशनों पर भी उच्चीकरण का काम होगा। इनमें करारी, चिरुला, दतिया, सोनागिर, कोटरा, डबरा, सिमरिया ताल, अनंतपेठ, आंतरी, संदलपुर, सिथौली, ग्वालियर, विरलानगर, रायरू, वानमोर, नूराबाद, सांख, मुरैना, सिकरौदा व हेतमपुर शामिल हैं।
यहां भी चल रहा काम
झांसी-बीना के मध्य तीसरी रेल लाइन का काम पांच चरणों में पूरा होना है। यह काम बीना से धौर्रा, धौर्रा से ललितपुर, ललितपुर से दैलवारा, दैलवारा से बबीना और बबीना से झांसी के बीच बांटा गया है। झांसी-बीना के बीच तीसरी रेल लाइन बिछाने का काम 2021 तक पूरा होने की उम्मीद है।