उस समय बुढ़पुरा सेक्शन में कॉशन आर्डर (कार्य के दौरान ट्रेनों को धीमी गति से गुजारना) लगा होने के कारण ट्रेन धीमी गति से चल रही थी। यात्री ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक लिया। इस बीच अन्य यात्री भी जाग गए और उन्होंने अन्य कोचों में बदमाशों की तलाश, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। एस 6 कोच में पता लगा कि वहां से भी बदमाश एक महिला यात्री का बैग चोरी कर ले गए, जिसमें मोबाइल आदि सामान रखा था। इसी बीच तीन बार ट्रेन को चेन पुलिंग कर रोका गया। पौन घंटे बाद ट्रेन मौके से रवाना हो सकी।
वहीं, यात्री ने घटना की जानकारी मोबाइल से जीआरपी और आरपीएफ कंट्रोल को दी। पुलिस अधीक्षक (रेलवे) पीके मिश्रा तक मामला पहुंचा तो उन्होंने तुरंत ललितपुर में ट्रेन पहुंचने से पहले फोर्स को सतर्क कर दिया। ट्रेन के ललितपुर पहुंचने पर यात्री परिवार समेत उतर गया। जीआरपी ने घटना की जानकारी लेने के बाद उनको साथ लिया और बुढ़पुरा स्टेशन पहुंच गए। यहां जीआरपी ने कई घंटों तक आसपास क्षेत्रों में बदमाशों की तलाश किया। बाद में यात्री को जीआरपी थाने लाया गया, जहां उनकी तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
इधर, पता चला है कि जीआरपी ने वारदात में शामिल चार में से तीन बदमाशों को पकड़ लिया है, जिनसे पूछताछ चल रही है। ज्यादातर माल भी बरामद हो चुका है। एक बदमाश फरार है। इस मामले में पुलिस अधीक्षक (रेलवे) पीके मिश्रा ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया है। जल्द ही खुलासा होने की उम्मीद है।