घरेलू गैस सिलिंडर से बन रही थी मिठाई
झांसी। जिले में रसोई गैस की कालाबाजारी और घरेलू गैस सिलिंडरों का व्यावसायिक प्रयोग रुकने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को पूर्ति विभाग की टीम ने एक मिठाई की दुकान पर छापा मारकर घरेलू गैस सिलिंडर का प्रयोग होता पाया। इस दौरान टीम ने सिलिंडरों को जब्त कर दुकानदार को सख्त चेतावनी दी।
पूर्ति विभाग के क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी महेश चंद्र गौतम के नेतृत्व में टीम ने आवास विकास चौराहा नंदनपुरा स्थित मां दुर्गा मिष्ठान्न भंडार पर छापामारी की। दुकान पर दो घरेलू गैस सिलिंडरों का प्रयोग कर मिठाई बनती पाई गई। जबकि तीन व्यावसायिक सिलिंडरों का प्रयोग होता मिला। टीम ने दुकानदार से सिलिंडरों के अभिलेख मांगे, तो दिखा न सका। इस पर टीम ने घरेलू गैस सिलिंडरों को जब्त कर लिया है। दुकानदार को घरेलू गैस सिलिंडर का प्रयोग करने पर सख्त चेतावनी दी गई है। साथ ही कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।