झांसी। 15 अगस्त से झांसी में ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी। जिले में छह ऑक्सीजन प्लांट शुरू किए जाने हैं, इनमें से तीन प्लांट की स्थापना हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का दावा है कि पंद्रह अगस्त पर तीन और ऑक्सीजन प्लांट शुरू हो जाएंगे।
कोरोना की दूसरी लहर में ऑक्सीजन को लेकर हाहाकार मच गया था। प्राण वायु की जबरदस्त कमी हो जाने के कारण लोगों ने अपने मरीज की जान बचाने के लिए औद्योगिक इस्तेमाल में आने वाला सिलिंडर तक खरीदकर ऑक्सीजन दी थी। संभावित तीसरी लहर में ऑक्सीजन की कमी न हो, इसलिए मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल में दो-दो और बड़ागांव, बरुआसागर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में ऑक्सीजन प्लांट लगाने की मंजूरी शासन ने दी है। हर हाल में 15 अगस्त तक ऑक्सीजन प्लांट चालू करने के भी आदेश हैं। मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में निर्माण पूरा होने के बाद एक-एक ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना की जा चुकी है। जबकि, जिला अस्पताल के दूसरे प्लांट को किसी सीएचसी में स्थापित किया जाना है। इसके लिए सीएचसी का चुनाव किया जा रहा है। बरुआसागर में भी प्लांट लग चुका है। अब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव और मेडिकल कॉलेज में दूसरे प्लांट की स्थापना का काम चल रहा है, जो कि जुलाई के अंतिम सप्ताह या फिर अगस्त के पहले हफ्ते में पूरा हो सकता है।
500 से 1000 लीटर प्रति मिनट सप्लाई
जिले में लगने वाले प्लांट 1000 लीटर प्रति मिनट तक ऑक्सीजन की सप्लाई देंगे। सीएचसी में लगने वाले प्लांट 500, जिला अस्पताल के 850 और मेडिकल कॉलेज के 1000 लीटर प्रति मिनट ऑक्सीजन सप्लाई देंगे।
शासन ने जिले में छह ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना की मंजूरी दी है। तीन स्थापित हो चुके हैं, जबकि तीन 15 अगस्त से पहले हो जाएंगे। इसके बाद जिले में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन उपलब्ध रहेगी। - डॉ. एनके जैन, प्रभारी, ऑक्सीजन प्लांट।