संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। बिजली विभाग के मुख्य अभियंता केपी खान ने सोमवार को नगरा व नंदनपुरा उपकेंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां नंदनपुरा उपकेंद्र की नई पैंथर 33 केवी लाइन को जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए तो वहीं उपकेंद्र पर आने वाले उपभोक्ताओं की शिकायतों को रजिस्टर में अंकित कर निर्धारित अवधि के भीतर निदान के निर्देश दिए।
यहां उन्होंने सभी उपकेंद्र पर शिकायती रजिस्ट्र रखवाने की बात कही। शहर की विद्युतापूर्ति का बुरा हाल है। गर्मी समाप्त हो जाने के बाद भी तनिक बारिश में भी बिजली लड़खड़ा जा रही है। पिछले रोज जनपद दौरे पर आए प्रबंध निदेशक ने सभी उपकेंद्रों पर सिस्टम में सुधार के साथ व्यवस्था ठीक करने के निर्देश दिए। जिसके क्रम में सोमवार को मुख्य अभियंता ने शहर के दो उपकेंद्रों का निरीक्षण किया। सबसे पहले नंदनपुरा उपकेंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने हंसारी से नई 33 केवी लाइन जो कि अत्याधुनिक तकनीकि से बनाई गई है, के शीघ्र सुचारू करने के निर्देश दिए। यहां निर्देश दिए कि इस कार्य में जो भी देरी हो, या समस्या है, उसको शीघ्र दूर करते हुए इसे चालू कराया जाए। इसके बाद उन्होंने उपकेंद्र की वीसीबी मशीन में लोड आदि की जांच की, साथ ही यार्ड में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद वह नगरा उपकेंद्र पहुंचे। यहां भी बीसीबी मशीन के साथ यार्ड का जायजा लिया। उपकेंद्र पर राजस्व वसूली की प्रगति हेतु अवर अभियंताओं को कार्ययोजना बनाकर कर वसूली करने का निर्देश दिया। इसके साथ वितरण परिवर्तकों की क्षतिग्रस्तता को कम करने करने हेतु 100 केवीए तक के परिवर्तकों पर एलटी फ्यूज सेट तथा 250 केवीए के ऊपर के परिवर्तकों पर टेललेश यूनिट जल्द से जल्द लगाने हेतु निर्देश दिया तथा विभिन्न स्थानों पर एलटी फ्यूज सेट एवं टेललेश यूनिट का भौतिक निरीक्षण किया।