संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। मानसून की शुरुआती बारिश ने स्मार्ट सिटी की व्यवस्थाओं की कलई खोल दी है। कहीं करोड़ों की लागत से बनी सड़कें धंस गई हैं तो कई स्थानों पर गहरे गड्ढे हो गए हैं। इलाइट चौराहे से बुंदेलखंड कॉलेज होते हुए ग्वालियर रोड, इलाइट से सीपरी बाजार और इलाहाबाद बैंक की तरफ जाने वाली सड़कों की स्थिति खराब हो गई है।
लोगों का कहना है कि बारिश तो केवल बहाना है। सड़कों के निर्माण में डामर का खेल किया जाता है। कम मात्रा में डामर का उपयोग होने की वजह से सड़कें जल्द खराब हो जाती हैं।शहर में सड़कों पर जलभराव देखने को मिल रहा है। ऊपर से इन पर गड्ढे राह में रोड़ा बन रहे हैं। इससे आम जनता परेशान है।
लोक निर्माण विभाग के अफसर सड़कों की इस दुर्दशा के लिए जल निगम की पाइपलाइन परियोजना को जिम्मदार बता रहे हैं। आरोप है कि सड़कों की खोदाई कर पाइपलाइन डाली गई, लेकिन सड़कों की मरम्मत ठीक ढंग से नहीं हुई। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सड़कों की मरम्मत कुछ माह पहले ही की गई थी।