झांसी। किसी जमाने में घरों के साथ ही सरकारी कार्यालयों की शोभा बढ़ाने वाले भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के लैंडलाइन फोन लगातार घटते ही जा रहे हैं। आलम यह है बुंदेलखंड में एक दशक के भीतर ही लैंडलाइन फोन की संख्या एक लाख से घटकर 8284 पर सिमट कर रह गई है।
लगभग एक दशक पहले झांसी, ललितपुर, चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, जालौन व उरई में बीएसएनएल के लैंडलाइन फोन उपभोक्ताओं की संख्या एक लाख से अधिक थी। लेकिन दूर संचार की दुनिया में मोबाइल नेटवर्क का विस्तार होते ही लोग मोबाइल फोन की ओर आकर्षित होने लगे। जिसका सीधा असर लैंडलाइन फोन कनेक्शन पर पड़ा है। मोबाइल के कारण साल दर साल लैंडलाइन फोन के कनेक्शन कटवाने के लिए बीएसएनएल के कार्यालयों पर लोगों का जमावड़ा होने लगा। जिसके चलते बुंदेलखंड में एक दशक के भीतर ही लैंडलाइन फोन की संख्या महज आठ हजार हो गई है।
बीएसएनएल के महाप्रबंधक जीएल गौतम ने बताया की मोबाइल के कारण लैंडलाइन फोन की संख्या काफी घट गई है। बुंदेलखंड में लैंडलाइन फोन की संख्या आठ हजार ही रह गई है।
शहर दस साल पहले अब
झांसी, ललितपुर 35201 5216
चित्रकूट, बांदा 19989 1086
हमीरपुर 15005 745
जालौन, उरई 31200 1237