समथर। नगर के अग्गा बाजार सहित अन्य जगहों पर जाम लगने से लोग परेशान हैं। राहगीरों को निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगरवासियों ने बताया कि अग्गा बाजार में जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन की तरफ से कई बार अभियान चलाए गए, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों ने बताया कि पूरे नगर में कहीं भी पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। इस कारण लोग सड़कों के किनारों पर वाहन खड़ा करते हैं, इससे जाम लग जाता है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी मोंठ प्रदीप कुमार ने बताया कि लगातार जाम की शिकायत आ रही है। नगर पालिका समथर के अधिशासी अधिकारी को बाजार का अतिक्रमण हटाने व सड़क पर वाहन न खड़े करने के लिए निर्देशित किया गया है। वहीं, थानाध्यक्ष अनुज गंगवार ने कहा कि लगातार अभियान चलाकर सड़कों के किनारे खड़े वाहनों का चालान किया जाएगा।