- गर्मी में यात्रियों को होती है परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
मोंठ। कस्बा में दो जगह अस्थायी बस स्टैंड है। पुराना बस स्टैंड आदर्श इंटर कॉलेज के सामने तथा नया बस स्टैंड शाहपुर रोड तिराहे पर है, लेकिन दोनों जगह पर यात्री प्रतीक्षालय नहीं बना है। नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष ने यात्री प्रतीक्षालय बनवाए जाने की मांग की है। मालूम हो कि प्रतीक्षालय न होने के कारण यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के दिनों में यात्री तेज धूप में खड़े होकर बसों का इंतजार करने को मजबूर होते हैं। बसों के रुकने के लिए भी कोई निश्चित स्थान नहीं होने के कारण यात्रियों को असुविधा झेलनी पड़ती है।
मोंठ एक प्रमुख कस्बा है, जहां से रोजाना सैकड़ों यात्री झांसी और कानपुर के लिए यात्रा करते हैं। आसपास के गांवों और शहरों की ओर बसों ओर अन्य वाहनों से यात्रा करते हैं। हाईवे पर स्थित तहसील मुख्यालय का कस्बा मोंठ से सरकारी रोडवेज तथा समथर दतिया प्राइवेट बसों का संचालन हो रहा है लेकिन यहां न तो कोई स्थायी बस स्टैंड है और न ही यात्रियों के बैठने के लिए कोई प्रतीक्षालय है। नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने कहा कि बस स्टैंड ऊपर यात्री प्रतीक्षालय बनाया जाए। जिससे लोगों को गर्मी, सर्दी के मौसम में दिक्कत न हो। इससे यात्रियों को राहत मिलेगी और कस्बे की यातायात व्यवस्था भी सुधरेगी।