झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में एक बार फिर पेन क्लीनिक खुल गई है। ऐसे में लंबे समय में दर्द से परेशान लोग यहां आकर अपना इलाज करा सकते हैं। हर बुधवार को डॉक्टर ओपीडी में मरीज देखते हैं।
कोरोना की दूसरी लहर की वजह से ओपीडी बंद कर दी गई थीं। कुछ समय पहले ओपीडी का संचालन शुरू हो गया लेकिन पेन क्लीनिक बंद पड़ी हुई थी। अब फिर से ये क्लीनिक शुरू हो गई है। पेन क्लीनिक की विशेषज्ञ डॉ. छवि सहगल ने बताया कि हर बुधवार को मरीज कमरा नंबर 23 में आकर अपने समस्याएं बता सकते हैं। उन्होंने बताया कि क्लीनिक से कई मरीजों को ठीक किया जा चुका है। शनिवार को कुछ चिह्नित मरीजों को जांचों के बाद आधुनिक मशीनों की मदद से दर्द वाली नसों पर विशेष प्रकार का इंजेक्शन लगाते हैं। इससे दर्द में काफी राहत मिलती है। कुछ मरीजों में एक, दो या अधिकतम तीन बार इंजेक्शन लगाने की जरूरत पड़ती है। यह प्रक्रिया विश्व स्वास्थ्य संगठन से मान्यता प्राप्त है। डब्ल्यूएचओ के मुताबिक कोई भी दर्द तीन महीने से अधिक है और दवाइयों से ठीक नहीं हो पा रहा है तो वह अपने आम में एक बीमारी है। पेन स्पेशिलिस्ट की देखरेख में इसका इलाज कराना चाहिए।
इन बीमारियों का होता इलाज
कमर दर्द, स्लिप डिस्क, घुटने का दर्द, सियाटिका, कंधे का दर्द, फ्रोजन शोल्डर, ट्राईजेमिनल, न्यूरेलजिया, टेनिस एल्बो, कैंसर के दर्द का इलाज पेन क्लीनिक में किया जाता है।