theft in marrige home owner house
झांसी के थाना सीपरी बाजार क्षेत्र के केके पुरी कॉलोनी में बीती रात बदमाश विवाह घर संचालक के घर से लाखों रुपये व रिवाल्वर चोरी कर ले गया। घटना के समय परिजन घर में नहीं थे। घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाश कैद हो गया है।
थाना सीपरी बाजार स्थित केके पुरी कॉलोनी निवासी ज्योेति प्रकाश दुबे विवाह घर संचालक हैं। कुछ समय पहले उन्होंने ओरछा तिगैला के पास रामराजा विवाह वाटिका बनवाया था। सोमवार को उसका उद्घाटन हुआ। तीन दिन पहले से ही वहां पर पूजा अर्चना चल रही थी। परिवार के सभी सदस्य तीन दिन से रामराजा विवाह वाटिका में थे। सोेमवार रात को भी परिवार का र्कोई सदस्य घर पर कोई नहीं था। रात में मौका पाकर एक बदमाश घर में प्रवेश कर गया। उसने मुख्य दवाजे का ताला तोड़ा। अंदर वाले कमरे के भी ताले तोड़े। इसके बाद सरिये के सहारे अलमारी खोली। अलमारी में रखे करीब पांच लाख रुपये व जेवरात चोरी कर लिए। एक अन्य अलमारी में रखी रिवाल्वर भी बदमाश ले गया। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे परिजन घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा खुला देख घबरा गए। अंदर जाकर देखा तो कमरा का पूरा सामान अस्त-व्यस्त था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची सीपरी पुलिस ने घटना की जानकारी ली। घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में एक बदमाश अंदर जाते व बाहर सामान लाते हुए कैद हो गया। पुलिस ने युवक की तलाश शुरू कर दी है।